प्रधानमंत्री आज देशभर के युवाओं से करेंगे खेलो इंडिया संवाद, मप्र के 110 महाविद्यालयों में होगा कार्यक्रम
भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रव्यापी माय भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम के तहत आज गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर ‘खेलो इंडिया संवाद’ करेंगे।
मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से देशभर की करीब 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवा एक साझा राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री के साथ जुड़ेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के 110 महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
युवा, खिलाड़ी और देश के भविष्य को एक मंच पर लाने का प्रयास
मंत्री सारंग के अनुसार, माय भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवा, देश के खिलाड़ी और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है। इसके तहत देश के प्रत्येक जिले में दो महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों के साथ-साथ सांसद, विधायक, मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के क्षेत्र में हुए बदलाव, बेहतर खेल अधोसंरचना और तेजी से विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम से अवगत कराया जाएगा। साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और उनकी आकांक्षाओं को सुनने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देशभर के करीब 1600 अलग-अलग स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इससे देश के विभिन्न हिस्सों में बैठे युवा एक साझा राष्ट्रीय मंच से जुड़ेंगे और खेलों के क्षेत्र में भारत की नई संभावनाओं पर संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथि एवं युवा प्रतिभागी सुबह 10 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थित होंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का फोकस स्थानीय स्तर पर युवाओं के साथ संवाद पर रहेगा।
स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं के बीच होगा संवाद
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत माय भारत वॉलंटियर और स्थानीय स्पोर्ट्सपर्सन के बीच युवा संवाद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पिछले 12 वर्षों में देश के खेल अधोसंरचना में हुए बदलाव तथा भारत के तेजी से विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय सांसद, विधायक अथवा मंत्री द्वारा भी युवाओं को संबोधित किया जाएगा। इसके बाद लगभग 15 मिनट का युवा संवाद सत्र आयोजित होगा, जिसमें युवा अपने विचार, सुझाव और भविष्य से जुड़ी अपनी आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर