संविधान निर्माण में मध्य प्रदेश की रही महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


- मप्र विधानसभा परिसर में संविधान दिवस उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संविधान दिवस उत्सव 2026 हमारी गौरवशाली विरासत और परंपरा का परिचायक है। समानता और बंधुत्व हमारे संविधान की आत्मा है। संविधान निर्माण में मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश का नाम इंडिया नहीं भारत हो, यह तय करने में मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर मप्र विधानसभा परिसर में आयोजित संविधान दिवस उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यभारत क्षेत्र के प्रतिनिधित्वकर्ता सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामत ने इंडिया के स्थान पर भारत नाम की वकालत की। मौलिक अधिकारों के निलंबन के खिलाफ भी मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. हरिसिंह गौर ने 1921 में इस बात पर जोर दिया कि भारत के न्यायालयों के सर्वोच्च निर्णय के लिए देश में ही सुप्रीम कोर्ट की स्थापना होनी चाहिए और वर्ष 1928 में पंडित मोतीलाल नेहरू भी इस विचार से सहमत हुए थे।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प. रविशंकर शुक्ल, भगवंत राव मंडलोई आदि ने राज्य और केंद्रों के अंशदान तथा कर बंटवारे का विषय उठाया। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी व्यवस्था लागू कर व्यवस्था को कायम रखा और राज्यों के साथ सरलीकृत व्यवस्था लागू हुई। भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक चिह्न में चार शेर की पृष्टभूमि भी मध्य प्रदेश से जुड़ती है। इसके चित्रांकन में स्व. पंडित दीनानाथ भार्गव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को विधानसभा में पारित किया है, इस विषय को पहली बार राजकुमारी अमृत कौर ने उठाया था। समान नागरिक अधिकारों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार को धार्मिक आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। एक देश, एक विधान और एक प्रधान के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई राज्य सरकारों ने यूसीसी की ओर कदम बढ़ाए हैं। एक दिन देश की संसद भी यूसीसी को पारित करेगी।

संविधान की प्रस्तावना का सस्वर हुआ वाचन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में स्थित संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका 'विधायिनी' के संविधान दिवस विशेषांक का विमोचन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम वंदे मातरम् और जन-गण-मन के गान के साथ आरंभ हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि आज ही मध्य प्रदेश विधानसभा के यूट्यूब चैनल का शुभारंभ हो रहा है। संविधान दिवस पर विधानसभा के सेन्ट्रल हॉल में संविधान सभा में मध्य प्रदेश का वृहत्तर प्रतिनिधित्व विषय पर लगाई गई प्रदर्शनी तथा विधानपरिषद क्षेत्र में संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के चित्रों और कार्यों पर आधारित गैलरी का भी शुभारंभ किया गया है। अतिथियों का पुष्पगुच्छ तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत-अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संविधान के चित्रांकन कलाकार श्री दीनानाथ भार्गव के पुत्र का अभिनंदन भी किया। उल्लेखनीय है कि स्व. भार्गव जी ने संविधान के पहले पेज पर अशोक स्तंभ का चित्रांकन किया।

आपातकाल में देश की गौरवशाली प्रेस-मीडिया और अभिव्यक्ति की आजादी पर लगाई गई पाबंदी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संविधान की उद्देश्यिका में तिथि, विक्रम संवत और शक संवत का भी उल्लेख मिलता है। हमारा संविधान 1950 में लागू हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री ने 1951 में ही इसमें प्रथम संशोधन किया। फिर 1954 में दूसरा संशोधन हुआ। संवैधानिक रूप से देश की संसद के पास संशोधन की शक्ति है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के बगैर संशोधन किए गए। इससे तत्कालीन सरकार का संविधान के प्रति दृष्टिकोण परिलक्षित होता है। यह भावना इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद देश में आपातकाल लागू करने, संविधान में 39वें और 42वें संशोधन के माध्यम से उसकी व्यवस्थाओं को छिन्न-भिन्न करने में भी दिखाई देती है। इसके साथ ही न्यायपालिका की शक्ति को सीमित करने का भी प्रयास किया गया। आपातकाल में देश की गौरवशाली प्रेस-मीडिया और अभिव्यक्ति की आजादी पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने शाहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को चुनौती दी। इसके बाद वर्ष 1988 में मानहानि विधेयक लाकर प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित किया गया।

देश की आजादी और संविधान कई अमर बलिदानियों के समर्पण से प्राप्त हुए

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने 77वें संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने संविधान रूपी ग्रंथ दिया, जो हर काल खंड में प्रासंगिक रहेगा। देश में राष्ट्रीय पर्व के रूप में 15 अगस्त और 26 जनवरी मनाई जाती है, लेकिन 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने की। इस अवसर पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशवासियों का ज्ञानार्जन हो रहा है। हमारे संविधान में अधिकार और कर्तव्य दोनों को उल्लेख मिलता है। सभी नागरिकों को कर्तव्य पालन पर भी विशेष बल देने की आवश्यकता है। देश की आजादी और संविधान कई अमर बलिदानियों के समर्पण से प्राप्त हुए है, हमें अपने संविधान पर गर्व है। हमारे पूर्वजों ने संविधान में किसी पक्ष को अछूता नहीं छोड़ा। संविधान में संशोधन का भी प्रावधान शामिल किया गया, इसी का परिणाम है कि धारा 370 और तीन तलाक पर रोक जैसे संशोधन हम कर पाए हैं। देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकार मिलें, वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी अहम भूमिका निभा रहा है। आज भारत प्रत्येक क्षेत्र प्रगति करते हुए दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।

कार्यक्रम को संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, म.प्र. विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविन्द शर्मा, लोकायुक्त सत्येंद्र कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। सलाहकार पंकज शुक्ला ने विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका विधायिनी के संविधान दिवस विशेषांक की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। संविधान दिवस उत्सव में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, विश्वविद्यालयों के कुलगुरु एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर