निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखें: राज्यमंत्री लोधी
- प्रभारी मंत्री ने खंडवा में की विकास कार्यों की समीक्षा
खण्डवा, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरों में रूकने वाले नागरिकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने ग्रीष्म ऋतु में खण्डवा नगर की पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम की टीम को बधाई दी। उन्होंने वर्षा ऋतु में शहर के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। प्रभारी मंत्री लोधी ने इस दौरान नगर निगम, वन विभाग, जल संसाधन विभाग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मार्केटिंग फेडरेशन, कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के तहत संचालित विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायकगण कंचन मुकेश तन्वे, नारायण पटेल व छाया मोरे, जिला पंचायत की अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, महापौर अमृता अमर यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन और जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री लोधी ने बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा पालन का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में गंदगी के कारण फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए शहर में सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों के आकस्मिक निरीक्षण के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि मूंग उपार्जन के लिए जिले में 9 केन्द्र बनाए गए हैं, जनप्रतिनिधियों की मांग पर प्रभारी मंत्री लोधी ने मूंग उपार्जन के लिए केन्द्र बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में खाद बीज और बारदाने की उपलब्धता की भी समीक्षा की तथा डीएपी उर्वरक की कम आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए इसके विकल्पों के सम्बंध में किसानों को जागरूक करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए।
प्रभारी मंत्री ने जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावास एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने छात्रावास एवं आश्रमों के आकस्मिक निरीक्षण के लिए अधिकारियों के दल गठित करने के निर्देश भी दिए।
मूंदी में सांदीपनि विद्यालय व जनपद के नए भवन का लोकार्पण
जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बुधवार को मूंदी में आयोजित कार्यक्रम में 37.50 करोड़ रुपये लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय मूंदी के नवनिर्मित भवन एवं 80 लाख रुपये लागत से बने जनपद पंचायत पुनासा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लोधी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मूंदी में 37.50 करोड़ रुपए लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय एक बड़ी उपलब्धि है। इस विद्यालय के बनने से मूंदी एवं आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा की सुविधा मूंदी में ही मिलने लगेगी।
मंत्री लोधी ने इस अवसर पर कहा कि संदीपनी स्कूलों में आधुनिकतम ई-लाइब्रेरी भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाएं और कंप्यूटर लैब जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध है। अब गरीबी पढ़ाई में बाधक नहीं है। क्योंकि गरीब का बच्चा भी सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं पाकर अपना परीक्षा परिणाम सुधार सकता है और अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकता है। उन्होंने धर्मस्व विभाग की ओर से संत बुखार दास बाबा मेले के लिए प्रतिवर्ष 10 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं अन्य नागरिकों को नशा मुक्ति संबंधी शपथ दिलाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर