पन्नाः दुर्गा विसर्जन के दौरान बांध में डूबे पांच युवक, दो की मौत, तीन को मछुआरों ने बचाया
पन्ना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्र नगर स्थित बांध में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार को पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन को बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से पांचों दोस्त डूबने लगे। इस दौरान दो युवक प्रतिमा के नीचे दब गए। मछुआरों की मदद से सभी को पानी से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कंधे पर प्रतिमा को लेकर पानी में उतरे थे पांचों युवक
प्रत्यक्षदर्शी राम किशोर ने बताया कि सलेहा मार्ग पर मां जगत-जननी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। नवरात्रि के समापन के बाद बुधवार को युवक प्रतिमा विसर्जन के लिए देवेंद्रनगर बांध पहुंचे थे। पांचों युवक प्रतिमा को कंधों पर लेकर पानी में उतरे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से सभी गहरे पानी में चले गए। पांचों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोग चीखने चिल्लाने लगे। युवकों के पानी में डूबने की सूचना मिलने के बाद वह तुरंत पानी में कूदे। दो मछुआरों ने भी मदद की। उन्होंने युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। युवकों को पानी से बाहर निकालने में स्थानीय लोगों और मछुआरों ने मदद की।
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसपी समेत पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि बांध में प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक चल रहा था। इसी दौरान युवकों का पैर फिसलने या अनजाने में गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। पहले दो दोस्त गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में बाकी युवक भी पानी में चले गए और पांचों डूबने लगे। देवेंद्र नगर तहसीलदार सुमित तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। विसर्जन स्थल पर पुलिस, राजस्व विभाग और नगर परिषद का अमला तैनात था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर