पन्नाः एनएमडीसी की खदान में मिला 27.29 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा, कीमत करीब दो करोड़ रुपये
पन्ना, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मझगवां स्थित एनएमडीसी की डायमंड माइनिंग परियोजना में बुधवार को 27.29 कैरेट का जेम क्वालिटी प्राकृतिक हीरा मिला है। इस हीरे की कीमत दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मार्च 2024 में खनन दोबारा शुरू होने के बाद यह परियोजना में मिला सबसे बड़ा जेम क्वालिटी हीरा है। इससे दो महीने पहले मिले 13.16 कैरेट के हीरे का रिकॉर्ड टूट गया है। जुलाई में इसी परियोजना में 13.16 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला था। उस समय यह मार्च 2024 के बाद परियोजना में मिला सबसे बड़ा जेम श्रेणी का हीरा था। इससे पहले इसी अवधि में 10.04 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला था। अब 27.29 कैरेट के हीरे ने दोनों रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
हीरे के कारोबार से जुड़े जानकारों के मुताबिक 27.29 कैरेट के इस हीरे की बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये हो सकती है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत नीलामी के दौरान तय होगी। कीमत हीरे की गुणवत्ता, कटिंग-पॉलिशिंग की संभावना और उस समय की बाजार मांग पर निर्भर करेगी।
मझगवां परियोजना में हीरे वाले किम्बरलाइट अयस्क को मशीनों के जरिए प्रोसेस किया जाता है। जुलाई में मिला 13.16 कैरेट का हीरा भी सामान्य प्रोसेसिंग के दौरान ही मिला था। एनएमडीसी के मुताबिक, 27.29 कैरेट के हीरे की बरामदगी खनन परियोजना में इस्तेमाल तकनीक और टीम के काम का नतीजा है।
मझगवां स्थित एनएमडीसी की परियोजना को एशिया की इकलौती यंत्रीकृत हीरा खदान बताया जाता है। यहां प्राकृतिक हीरों का यंत्रीकृत तरीके से उत्पादन किया जाता है। परियोजना में संगठित हीरा उत्पादन 1967 में शुरू हुआ था, जबकि व्यापक स्तर पर व्यवस्थित उत्पादन 1971-72 से शुरू हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर