मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, 4 दिसंबर को होगा मतदान
-जिला पंचायत के एक, जनपद पंचायत के एक और सरपंच के पांच पदों पर होगा निर्वाचन, 12 नवंबर से भरे जाएंगे नामांकन
भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पंचायतों के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन वर्ष 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश में जिला पंचायत के एक, जनपद पंचायत के एक और सरपंच के पांच पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। मतदान 4 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि उपचुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर निर्धारित की गई है। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थी 23 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
8 दिसंबर से होगी मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से मतगणना 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम की घोषणा 9 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से की जाएगी। इस उप निर्वाचन में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के एक-एक तथा सरपंच के पांच रिक्त पदों पर प्रतिनिधियों का निर्वाचन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे