मैहरः पद्मश्री डॉ. बुधेंद्र कुमार जैन को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

 


- पुलिस बल ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

सतना, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी एवं प्रख्यात व्यक्तित्व डॉ. बुधेंद्र कुमार जैन को रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाया गया, जहां पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, साधु-संत एवं आमजन शामिल हुए। इस अवसर पर चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, एसडीओपी राजेश सिंह बंजारे, नायब तहसीलदार एस.के. भदौरिया तथा थाना प्रभारी गिरिजा शंकर बाजपेई सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि डॉ. जैन का निधन 27 फरवरी को चित्रकूट में हुआ था। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर