मप्रः एक गुरु–एक वृक्ष अभियान में प्रदेशभर में 40 हजार से अधिक पौधों का हुआ रोपण
- गुरु सम्मान के साथ विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का लिया संकल्प
भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को 'एक गुरु–एक वृक्ष' अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 40 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
विद्यालय परिसरों एवं आसपास आयोजित पौधरोपण कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय मध्य प्रदेश द्वारा प्रदेश के शासकीय स्कूलों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन और गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, नैतिक मूल्यों एवं गुरु के प्रति आदर की भावना से जोड़ने के साथ-साथ विद्यालयों में संस्कारयुक्त एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को भी प्रोत्साहित किया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर