जैविक हाट : शुद्ध और रसायन मुक्त उत्पादों के खरीदारों की बढ़ रही संख्या
जबलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कृषि विभाग द्वारा कृषि उपज मंडी में आयोजित किए जा रहे साप्ताहिक जैविक हाट का इस रविवार को भी सफल आयोजन किया गया। खेत से थाली तक शुद्ध आहार की अवधारणा पर आधारित जैविक हाट में प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने रसायन-मुक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री की खरीदी की।
इस रविवार को लगाए गए साप्ताहिक जैविक हाट में सब्जियों एवं फलों के साथ कदम के फूल, करौंदा, कटहल, विभिन्न प्रकार के अनाज, मक्का तथा पनीर, दही एवं शुद्ध देशी घी जैसे दुग्ध उत्पाद भी उपलब्ध रहे। नये उत्पादों के शामिल होने से उपभोक्ताओं का उत्साह और किसानों को बेहतर प्रतिसाद प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिला।
इस बार जैविक हाट के आयोजन की जिम्मेदारी किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सिहोरा अनुभाग को सौंपी गई थी। हाट का संचालन अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती मनीषा पटेल एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे एस राठौर के मार्गदर्शन में किया गया।
कृषि उप संचालक उमेश कटहरे ने जैविक हाट का निरीक्षण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा किसानों एवं उपभोक्ताओं से संवाद कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को जैविक हाट के प्रभावी संचालन एवं निरंतर विस्तार के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि विस्तार अधिकारी मीना जाटव, साक्षी तिवारी, प्राची बर्मन, अदिति सिंह, सुमित पाटकर, शरद दाहिया, साहब पटेल एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
जैविक हाट किसानों और उपभोक्ताओं के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में स्थापित हो रहा है तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ नागरिकों तक शुद्ध, सुरक्षित एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर