जैविक हाट बाजारों से जैविक खेती को मिल रहा बढ़ावा, उपभोक्ताओं को उपलब्ध हो रहे शुद्ध उत्पाद : कंषाना
भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि प्रदेश में जैविक हाट - बाजारों के माध्यम से जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को उचित बाजार उपलब्ध हो रहा है। उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं रसायन-मुक्त उत्पाद सुलभ कराने के उद्देश्य से लगाये जा रहे जैविक हाट में किसान अपने उत्पाद जैसे ताजी सब्जियां, फल, दालें, अनाज, मसाले एवं अन्य घरेलू उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहे हैं।
कृषि मंत्री कंषाना ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि जैविक हाट की विशेषता यह है कि यहां उत्पाद बिना किसी बिचौलिये के सीधे किसानों से खरीदे जा सकते हैं, जिससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त होता है और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दर पर मिलती है। जैविक हाट-बाजार मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन की विशेष पहल है। लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाये रखने के लिए जैविक हाट-बाजार उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
कृषि उपज मंडी जबलपुर में लगी जैविक हाट
कृषि उपज मंडी परिसर जबलपुर में विगत दिवस जैविक हाट का सफल आयोजन किया गया। जैविक हाट में उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। यह लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और जैविक उत्पादों की मांग को दर्शाता है। उपभोक्ताओं ने न केवल जैविक उत्पादों की खरीदारी की, बल्कि जैविक खेती के तरीकों और उसके लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जैविक हाट में किसानों को जैविक प्रमाणन, विपणन एवं पैकेजिंग से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि वे अपने उत्पादों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकें।
कृषि उपज मंडी परिसर में लगाये जा रहे जैविक हाट की सफलता को देखते हुये अब जिला प्रशासन द्वारा महाकौशल हाट बाजार में भी प्रत्येक गुरुवार को जैविक हाट के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत इसी गुरुवार से होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर