मप्रः अग्निवीर भर्ती रैली 2026-27 के लिए ऑनलाइन सीईई परीक्षा 1 जून से
- सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 हेतु महत्वपूर्ण सूचना जारी
भोपाल, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। भारतीय सेना में भर्ती हेतु ज्वाइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा 01 जून 2026 से 12 जून 2026 तक भोपाल स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा गुरुवार का जानकारी दी गई कि ऑनलाइन परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्टों में आयोजित होगी। इस वर्ष से अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल पद हेतु आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही लिया जाएगा। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर अपलोड किए जा सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।
परीक्षा केंद्रों का विवरण
ऑनलाइन सीईई परीक्षा के लिए भोपाल में निम्न परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं—
- आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसाइटी, कोकटा बाईपास, रायसेन रोड, भोपाल।
- आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड आरजीपीएम, सांखेड़ी, डानिश कुंज, कोलार रोड, भोपाल।
- सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
- किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के दूरभाष नंबर 0755-2540954 एवं 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं।
- भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं योग्यता आधारित है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर