टीम मप्र के रूप में योजनाओं और निर्णयों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट भूमिका निभाएं अधिकारी : मुख्य सचिव बर्णवाल
भोपाल, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे टीम मध्य प्रदेश के रूप में शासन की योजनाओं-कार्यक्रमों और निर्णयों के क्रियान्वयन में अपनी उत्कृष्ट भूमिका निभाएं।
वहीं, निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश को देश में अग्रणी राज्य बनाने के लिए किए गए प्रयासों के लिए सभी अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया।
मंत्रालय में गुरुवार को संपन्न हुए एक सादे समारोह में विभाग अध्यक्षों ने नवनियुक्त मुख्य सचिव बर्णवाल का स्वागत किया और निवर्तमान मुख्य सचिव जैन को भाव भीनी विदाई दी। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पी.सी.सी.एफ शुभरंजन सेन सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
समारोह में अधिकारियों ने बर्णवाल और जैन को शाल श्रीफल और स्मृति चिंह भेंट कर सम्मानित किया। डीजीपी मकवाना ने कहा कि निवर्तमान सीएस जैन ने नक्सलमुक्त मध्य प्रदेश सहित विभिन्न ऐतिहासिक अभियानों को पूर्ण करने में पुलिस विभाग को असीमित सहयोग दिया है।
अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने ई-ऑफिस, ई-केबीनेट को प्रदेश में लागू करने के लिए निवर्तमान सीएस जैन की सराहना की। सभी अधिकारियों ने लगभग 15 वर्षों से रूकी पदोन्नति के प्रारंभ होने का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को भी दिया। देश में मप्र की रैंकिंग अग्रणी बनाने के लिए जैन की अधिकारियों ने सराहना की। अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, रश्मि अरूण शमी, संजय दुबे और शिवशेखर शुक्ला ने भी उद्बोधन दिया।
राज्यपाल से मिले मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल
इससे पहले नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को अपना कार्यभार संभाला। इसके बाद वे लोकभवन पहुंचे। यहां उन्होंने यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की और मुख्य सचिव के रूप में निभाई जाने वाली जिम्मेदारी के लिए उनका मार्गदर्शन लिया। इसके बाद उन्होंने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से भी मुलाकात की।
इधर, नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाए गए निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन से गुरुवार को दिन भर मंत्रालय में अफसरों की मेल मुलाकात चलती रही। इस दौरान उन्होंने अनौपचारिक चर्चा में कहा कि नए पद की जिम्मेदारी संभालने के पहले वे कुछ दिन अवकाश पर रहेंगे क्योंकि जब नए पद की जिम्मेदारी संभालेंगे तो फिर छुट्टी मिलना मुश्किल होगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए बधाई देने पहुंचने वाले अफसरों को धन्यवाद भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर