विद्यार्थी को राष्ट्र निर्माण की गतिविधि से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाता है एनएसएस : अनुपम राजन

 


- एसीएस राजन ने राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन 2026 का किया शुभारंभ

भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधि में जुड़ना एक विद्यार्थी के लिए सौभाग्य का अवसर होता है। यह विद्यार्थी को राष्ट्र निर्माण की गतिविधि से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाता है।

एसीएस राजन सोमवार को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन 2026 के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय नई दिल्ली के राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन 2026 का भोपाल में आयोजन किया जा रहा है।

दो दिन चलने वाले इस सम्मेलन का सोमवार को एससीएस अनुपम राजन द्वारा शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सलाहकार एवं क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. अशोक कुमार श्रोती, डॉ. राजकुमार वर्मा, समन्वयक डॉ. शेखर, शासकीय माधव महाविद्यालय ग्वालियर के प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा, सुधाकर कुशवाह, नई दिल्ली, एसडीएम शैलेंद्र सिंह, सतना सहित राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक, कार्यक्रम अधिकारी, प्राचार्य, जिला संगठक, कार्यक्रम समन्वयक उपस्थित रहे।

दो दिवसीय इस आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े विभिन्न विषयों जैसे माय भारत पोर्टल, विकसित भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियां आदि पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर