भगवान की परीक्षा नहीं, प्रतीक्षा करनी चाहिए : पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री
शिवपुरी/करैरा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने भक्ति का संदेश देते हुए कहा कि भगवान की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए, बल्कि उनकी प्रतीक्षा करनी चाहिए। न पैसा लगता है, न रुपया लगता है, राम-राम बोलिए, बड़ा अच्छा लगता है।
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री सोमवार को शिवपुरी के करैरा में श्रीराम कथा सुना रहे थे। इस दौरान उन्होंने करैरा की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं की आस्था को देखकर लगता है कि यह भूमि प्राचीन काल से ही तीर्थस्थली रही होगी।
श्री बाबा का बाग बगीचा धाम में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने करैरा के संत महावीर दास की समाधि, बगीचा सरकार, बीजासन माता, श्रीराम राजा धाम और किलेश्वर महादेव सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करैरा में श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण देखकर प्रतीत होता है कि आने वाले समय में यह क्षेत्र एक प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।
कथा के दौरान उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। भक्ति गीतों और संगीतमय प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर भगवान के जयकारे लगाते रहे। कथा पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कल होगा शिव विवाह और श्रीराम जन्मोत्सवआयोजन के तहत 27 अक्टूबर को भगवान शिव के विवाह प्रसंग और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
देर रात तक प्रसादी, पंडालों में श्रद्धालुओं का विश्रामआयोजन स्थल पर अन्नपूर्णा भोजन पंडाल में देर रात तक श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जा रही है। हजारों श्रद्धालु, साधु-संत और भक्त विशाल कथा पंडाल के साथ मंदिर परिसर के आसपास बनाए गए पंडालों में रात्रि विश्राम कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। वहीं, पुलिस जवान यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा