भोपाल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

 


भोपाल, 19 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार तड़के महिला का शव घर के कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिला। मृतका की शादी करीब 14 महीने पहले हुई थी। मौत से पहले उसका पति से विवाद हुआ था। मायके पक्ष ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान कंचन साहू (28), पत्नी हेमराज साहू के रूप में हुई है, जो राधाकृष्ण कॉलोनी, खेजड़ा की रहने वाली थी। मृतका के बड़े भाई सोनू साहू ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर पति द्वारा ताने दिए जाते थे। उनका आरोप है कि मनचाहा दहेज न मिलने से पति नाराज रहता था। परिजनों के अनुसार, मां के निधन के बाद पहला त्योहार मनाने कंचन रविवार को मायके आई थी। शाम को पति उसे लेने पहुंचा। कंचन ने दो दिन और मायके में रुकने की इच्छा जताई, जिस पर पति नाराज हो गया। इसके बाद वह उसी समय पति के साथ ससुराल लौट गई।

मृतका के भाई का आरोप है कि देर रात पति से हुए विवाद के बाद कंचन की गला दबाकर हत्या की गई। उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे छोला मंदिर थाना पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दी। छोला मंदिर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष के विस्तृत बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे