मध्य प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने संभाला कार्यभार

 


भोपाल, 23 जुलाई (हि.स.) । भारतीय प्रशासनिक सेवा (1991 बैच) के वरिष्ठ अधिकारी अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के 35वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने नवनियुक्त मुख्य सचिव बर्णवाल को मंत्रालय स्थित मुख्य सचिव कक्ष में कार्यभार सौंपा।

उल्लेखनीय है कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार 22 जुलाई को इस संबंध में आदेश जारी किए गए थे। इससे पहले इसी दिन भारत सरकार द्वारा निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बता दें कि झारखंड से आने वाले बर्णवाल ने बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) के साथ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। बर्णवाल को स्वास्थ्य, प्रशासन और नीति निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों में काम करने का लंबा अनुभव है। प्रशासनिक दक्षता और वरिष्ठता के आधार पर उन्हें प्रदेश की नौकरशाही का अनुभवी अधिकारी माना जाता है। अशोक बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत