नीमच में बेकाबू कार सामने जा रहे ट्रक में घुसी, सांवलिया सेठ दर्शन कर लौट रहे 3 लोगों की मौत, एक घायल
नीमच, 26 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत में गुरुवार देर रात महू-नसीराबाद हाई-वे के टोल टैक्स बेरियर और रेलवे क्रासिंग के बीच एक तेज रफ्तार कार सामने जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार लोग राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया में सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ निवासी चार दोस्त सांवलिया सेठ के दर्शन कर कार से लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुवार रात करीब पौने 2 बजे मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा पर नयागांव बैरियर और फाटक के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक (ट्रॉले) के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है, जिसे नीमच के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान महादेव विहार कालोनी मल्हारगढ़ निवासी पिंकेश (40) पुत्र राधेश्याम गुप्ता, लसूड़िया कदमाला निवासी भारत (43) पुत्र रामलाल डांगी और गोवर्धन (58) पुत्र रामलाल बामनिया के रूप में हुई है, जबकि उनके साथी भैंसाखेड़ा निवासी राम सिंह (42) पुत्र गोरा बंजारा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शवों को पुलिस ने परिजनों के सुपूर्द कर दिया है। दुर्घटना के मामले में नयागांव पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि कार सवार लोग मंडफिया में सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। सड़क हादसे में मृत पिंकेश गुप्ता अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन का सदस्य थे और मल्हारगढ़ में व्यापार करते थे। वहीं भारत डांगी और गोवर्धन बामनिया भी संभ्रांत परिवार के सदस्य थे। राम सिंह बंजारा कृषि कार्य करते हैं। सड़क हादसे की सूचना पर मल्हारगढ़ क्षेत्र में शोक छा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर