नरसिंहपुरः मंत्री उदय प्रताप सिंह ने लिया राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा

 


- कोंडिया एवं बोहानी के खेल मैदानों का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

नरसिहंपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मंगलवार को 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) की तैयारियों को लेकर कोंडिया एवं शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहानी के खेल मैदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदानों की स्थिति, आयोजन संबंधी तैयारियों तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी करना क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल होंगे। यह आयोजन खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही गाडरवारा एवं नरसिंहपुर जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खिलाड़ियों एवं टीमों के आवागमन तथा प्रतियोगिता से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन पूरी सुव्यवस्था, बेहतर समन्वय और आतिथ्य भाव के साथ किया जाए, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी यहां से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।निरीक्षण के दौरान डॉ. हरगोविंद पटेल, श्री रमाकांत शर्मा, श्री हरिप्रताप ममार, श्री मनोज शर्मा, श्री राजीव ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि यह 70 वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) 11 से 17 नवंबर तक गाडरवारा स्थित रूद्र मैदान, एनटीपीसी खेल मैदान एवं अशासकीय काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, चीचली स्थित नगर परिषद खेल मैदान, ग्राम पंचायत आमगांव छोटा के ग्राम पंचायत मैदान, ग्राम पंचायत कौड़िया के ग्राम पंचायत मैदान तथा बोहानी स्थित शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर