नरसिंहपुरः चीचली में 21.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
नरसिहंपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिले के चीचली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्रीद्वय तथा अन्य अतिथियों ने कुल 21 करोड़ 21 लाख 57 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 16 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 4 करोड़ 61 लाख 57 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि चीचली स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को संजोए हुए ऐतिहासिक क्षेत्र है। इस भूमि का देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने शहीद मंशाराम जी, शहीद श्यामचंद पैगवार जी एवं शहीद गोरा बाई को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस मिट्टी के बलिदान और देशभक्ति की भावना को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।
मंत्री सारंग ने कहा कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय आईटीआई भवन क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात है। यहां युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने मंत्री उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। विद्यालयों के लिए बेहतर भवन, परिवहन सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
चीचली में खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी स्टेडियम के निर्माण एवं विकास के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रखा है। हमें ऐसा भारत बनाना है, जो शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और लोकतांत्रिक हो तथा विश्व में अग्रणी भूमिका निभाए। उन्होंने नागरिकों से क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन चीचली एवं आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इस परिसर में शैक्षणिक भवन के साथ छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास तथा स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई को एनटीपीसी से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को एनटीपीसी में इंटर्नशिप एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।
मंत्री सिंह ने एनटीपीसी की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2011-12 में इस परियोजना को लेकर क्षेत्र में आंदोलन एवं जल सत्याग्रह हुए थे। उस समय उनका प्रयास था कि एनटीपीसी की स्थापना से केवल गाडरवारा ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को लाभ मिले। अनेक लोगों के सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना साकार हुई और आज क्षेत्र में विकास एवं रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यहां निर्मित स्टेडियम का नामकरण पूर्व सांसद श्री कैलाश सोनी के नाम पर किया गया है। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में 200 सांदीपनि विद्यालयों की घोषणा की गई है। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण एवं छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसी क्रम में चीचली में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश पाठक, नगर पालिका गाडरवारा के अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, नगर परिषद साईंखेड़ा की अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, डॉ. हरगोविंद पटेल, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, अशोक मार्सकोले, ठाकुर राजीव सिंह, मुकेश मरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त आईटीआई परिसर का हुआ लोकार्पण
बाबई-चीचली में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नवीन भवन का निर्माण पूर्ण किया गया है। कुल 5163.90 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित इस परिसर में 6 ट्रेड के लिए आईटीआई कॉलेज भवन बनाया गया है। परिसर में विद्यार्थियों की आवासीय सुविधा के लिए 60-60 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही एक ई-टाइप, दो एच-टाइप एवं चार आई-टाइप आवासगृह भी बनाए गए हैं। परिसर में आवागमन के लिए 320 मीटर लंबी आंतरिक सीसी रोड तथा 710 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया है। संस्थान में आंतरिक एवं बाह्य विद्युतीकरण के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर एवं 63 केवीए का डीजी सेट स्थापित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर