दिल्ली में आज नारी शक्ति वंदन सम्मेलन, मप्र में होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

 


भोपाल, 13 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्र सरकार द्वारा आज सोमवार (13 अप्रैल) सुबह 11:00 बजे से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का मध्य प्रदेश के सभी जिलों में सीधा प्रसारण किया जाएगा।

मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव हृदयेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस सम्मेलन में पूरे देश की जानी-मानी हस्तियाँ शामिल होंगी, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिला हस्तियाँ जैसे – महिला उद्यमी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद्, डॉक्टर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, स्टार्टअप लीडर, मीडिया पेशेवर, समाज सेवक तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र की प्रमुख प्रतिनिधियाँ शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यह कार्यक्रम सीधा प्रसारित किया जाएगा।

उप सचिव श्रीवास्तव ने सभी जिला पंचायत सीईओ को कार्यक्रम में भागीदारी के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, महिला पंचायत प्रतिनिधियों, महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आम जनता को इस कार्यक्रम से जोड़ने हेतु विशेष प्रयास किए जाएँ। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डीडी न्यूज पर भी किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति/समूह ग्राम पंचायत स्तर तक आसानी से जुड़ सकें, इसके लिए वेबकास्ट लिंक भी उपलब्ध कराया गया है: https://pmindiawebcast.nic.in/

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर