नानाजी के आदर्शों और समाजमूलक कार्यों से नयी पीढ़ी को सीख लेने की जरूरत: ऊर्जा मंत्री तोमर
सतना, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा कि राष्ट्रऋषि नानाजी ने अपने जीवनकाल में आम व्यक्तियों के हितों के लिए जो कार्य किये हैं, वह सभी अनुकरणीय एवं समाजोपयोगी हैं। उनके आदर्शों, विचारों व कार्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऊर्जा मंत्री तोमर गुरुवार को भारत रत्न राष्ट्रऋषि नानाजी की 16वीं पुण्य तिथि पर विवेकानंद सभागार चित्रकूट में आयोजित स्वावलंबी कृषि तकनीकी एवं नवाचार विषय पर कृषक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने दीन दयाल शोध संस्थान के उद्यमिता परिसर में कृषि विभाग और कृषि विज्ञान द्वारा आयोजित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
कार्यशाला में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष पदमश्री मोहन नागर ने कहा कि भारत रत्न नानाजी देशमुख कहते थे पुराना जितना अच्छा था उसे युगानुकूल बनाना है एवं जितना बाहर से आया है उसे देशानुकूल बनाना है, नानाजी ने उन्नत कृषि हेतु अपने बहुतायत प्रयोगों से सिद्ध भी किया है। जैविक प्राकृतिक खेती हमारे लिए नया विषय नहीं है, सदियों से यही हमारी परंपरा रही है, परंतु बहुतायत आधुनिकीकरण करने के कारण हम इसे छोड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी परम्परा में नक्षत्रों के आधार पर कृषि होती थी हमें मौसम एवं फसलचक्र के अनुसार कृषि कार्य करना होगा। बीजों की बुआई में अनुशासन होना चाहिए अर्थात हमे अनुशासित कृषि पर जोर देना होगा। गोमाता को खेती के मध्य में रखना होगा। नाना जी द्वारा किये गए छोटे-छोटे प्रयोग समाज की दिशा और दशा बदल रहे हैं।
भारतरत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की 16वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला में गुरुवार को दीनदयाल परिसर के लोहिया सभागार, विवेकानंद सभागार अंबेडकर सभागार, जेपी सभागार में पांच अलग-अलग राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी आयोजित की गईं। जिसमें स्वावलंबी कृषि तकनीकी एवं नवाचार, तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता से कृषकों में समृद्धि, औषधीय एवं सुगंधित पौधों का वर्तमान परिदृश्य एवं भविष्य की संभावनाएं, उत्तम पशुधन प्रबंधन में पशु स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका, समरस एवं समृद्ध भारत में कृषक उत्पादक संगठनों की भूमिका, कृषि विकास में परंपरागत ज्ञान एवं आधुनिक नवाचार का एकीकरण विषयक विभिन्न सेमिनार अलग-अलग सभागारों में आयोजित किए गये।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दीनदयाल शोध संस्थान के प्रधान सचिव निखिल मुंडले, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ मांगीलाल जाट, उपाध्यक्ष अतुल जैन, समाजसेवी व्यवसायी सूर्यकांत जालान, डॉ बी आर कांबोज, पूर्व आईएएस दीपक खांडेकर, अनुजा ताई परचुरे, डॉ श्रीश निगम, पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, संजीव नैयर, भूपेंद्र मलिक, अपराजिता शुक्ला, डॉ अमित गोस्वामी, डॉ पंकज त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री ने किये मां शारदा देवी के दर्शन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने गुरूवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान मां शारदा देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने प्रदेश वासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस मौके पर जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ऊर्जा मंत्री तोमर ने सतना जिले के चित्रकूट प्रवास के दौरान गुरूवार को भगवान कामतानाथ स्वामी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंत्री तोमर ने कामदगिरि पर्वत की प्रदक्षिणा भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर