मप्रः तेंदुए के अवैध शिकार एवं तस्करी मामले में एमपी एसटीएसएफ ने 8वें शिकारी को किया गिरफ्तार
- तेंदुए का कंकाल सहित अन्य अंग और शिकार में प्रयुक्त फंदे बरामद
भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वन्यजीव तेंदुए के अवैध शिकार एवं तस्करी के संगठित गिरोह के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में एमपी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने एक और आरोपी शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तेंदुए का कंकाल, दूसरे अंग और शिकार में प्रयुक्त फंदे बरामद किए गये हैं। उत्तरप्रदेश के आगरा से पिछले माह पकड़े गए इस शिकारी गिरोह का यह आठवां सदस्य है।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने शनिवार को जानकारी देते हुए अंतरराज्यीय शिकार एवं तस्करी गिरोह के विरुद्ध यह एसटीएसएफ के विशेष अभियान में 23 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा में तेंदुए की 10 खालों के साथ शिकारी तस्करों को पकड़ा गया था। प्रकरण के तार मध्य प्रदेश से जुड़े पाए जाने पर एमपी एसटीएसएफ और स्थानीय वन अमले की संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे और निशानदेही से बड़ी मात्रा में तेंदुए के अवयव बरामद किए गए तथा दो वन अपराध प्रकरण दर्ज किए गए। गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय, शिवपुरी से फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर श्योपुर जिले से तेंदुए के दो और अंग और शिकार में प्रयुक्त दो लेग होल्ड ट्रैप बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ और निसानदेही के आधार पर संगठित शिकार और तस्करी गिरोह के आठवें वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान मन्नू नाथ के पुत्र, ग्राम हासई, जिला मुरैना निवासी के रूप में की गई है। उसे विशेष न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही पर मुरैना के बीहड़ों में गाड़कर रखा गया वन्यजीव तेंदुए का कंकाल विधिवत जब्त किया गया।
शिकार में शामिल सभी मुख्य शिकारी गिरफ्तार
एमपी एसटीएसएफ के अभियान में अब तक 10 तेंदुओं के शिकार में शामिल 8 मुख्य शिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तेंदुए के अवयव, शिकार में प्रयुक्त तीन फंदे और दूसरी शिकार सामग्री जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर