मप्रः एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 1 अक्टूबर को करेगी महा-श्रमदान

 


भोपाल, 28 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राष्ट्रव्यापी 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के अंतर्गत एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा आगामी एक अक्टूबर को 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' श्रमदान कार्यक्रम का वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान जबलपुर स्थित पावर मैनेजमेंट कंपनी परिसर की हॉस्टल बिल्डिंग के निकट सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें कंपनी के समस्त अभियंता और कार्मिक एकजुट होकर श्रमदान करेंगे।

कंपनी द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि इस गरिमामयी अवसर पर स्वच्छता के प्रहरियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष हेल्थ कैंप (स्वास्थ्य शिविर) का भी आयोजन किया गया है। इस शिविर में मुख्य रूप से सफाई मित्रों और सिविल विभाग के कार्मिकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। साथ ही कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें ग्लव्स (दस्ताने) व अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री भी प्रदान की जाएगी।

पावर मैनेजमेंट कंपनी प्रबंधन ने सभी अभियंताओं व कार्मिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थान पर सुबह 11 बजे उपस्थित होकर इस महा-अभियान का हिस्सा बनें और परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर