मध्य प्रदेश से 10 दिन पहले मानसून की विदाई, रातें ठंडी तो दिन में बढ़ी गर्मी
24 जून को हुआ था प्रवेश, भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे, 6 अक्टूबर को 13 जिलों में हल्की बारिश के आसार
भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश से शनिवार को मानसून पूरी तरह विदा हो गया। इस बार मानसून ने पिछले साल की तुलना में करीब 10 दिन पहले प्रदेश से वापसी की है। वर्ष 2025 में मानसून 13 अक्टूबर को विदा हुआ था, जबकि इस साल 3 अक्टूबर को ही मानसून की विदाई हो गई। इस साल प्रदेश में मानसून ने 24 जून को दस्तक दी थी। बारिश की गतिविधियां थमने, बादल छंटने, नमी कम होने और शुष्क हवाओं के प्रभाव से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है।
मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट और दिन के तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। अमरकंटक में रात का पारा सबसे कम 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर बड़वानी, धार, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम में दिन का तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया।
अमरकंटक सबसे ठंडा, कई शहरों में 18 डिग्री के आसपास पारा
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, बीती रात अमरकंटक में 17.1, शाजापुर में 17.3, धार में 17.5, इंदौर और पचमढ़ी में 17.6 तथा भोपाल और उज्जैन में 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पचमढ़ी और अमरकंटक में दिन का तापमान भी 29 डिग्री से नीचे रहा। इसके विपरीत मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और कई जिलों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया।
उत्तर गुजरात और राजस्थान के पास बना सिस्टम भी बना वजह
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने, बादलों के छंटने, वातावरण में नमी घटने और शुष्क उत्तरी हवाओं के असर से मानसून की वापसी की परिस्थितियां बनीं। उत्तर गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास बने प्रतिचक्रवाती परिसंचरण ने भी मानसून की विदाई में भूमिका निभाई।
6 अक्टूबर को 13 जिलों में हल्की बारिश के आसार
मानसून की विदाई के बावजूद अक्टूबर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 3, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। 6 अक्टूबर को टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। अक्टूबर में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
35.8 इंच बारिश, सामान्य से 1.5 इंच कम
इस मानसूनी सीजन में मध्य प्रदेश में कुल 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश दर्ज हुई। प्रदेश की सामान्य मानसूनी बारिश 949.5 मिमी यानी 37.3 इंच है। इस तरह इस बार बारिश सामान्य से करीब 1.5 इंच यानी 4 प्रतिशत कम रही। पूर्वी मध्य प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि पश्चिमी हिस्से में बारिश सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम रही। हालांकि कई जिलों में बारिश का कोटा पूरा हुआ।
25 जिलों में सामान्य बारिश पूरी
प्रदेश के 25 जिलों में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हुआ। इनमें भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल हैं।
जून की कमी नहीं हो सकी पूरी
इस बार मानसून सीजन के कुल आंकड़े में कमी की प्रमुख वजह जून में कम बारिश रहना रही। जून में प्रदेश में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई, लेकिन बाद में मानसून के ब्रेक के कारण कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहीं। मानसून सीजन के बाद के महीनों में बारिश ने जून की कमी को कुछ हद तक कम किया, लेकिन इसकी पूरी भरपाई नहीं हो सकी। यही वजह है कि पूरे सीजन में बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम रही।
अक्टूबर में भोपाल का मौसम कैसा रहता है
भोपाल में अक्टूबर के दौरान सामान्य अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। पिछले वर्षों में अक्टूबर के दौरान तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वर्ष 2012 में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि इसी साल 12 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अक्टूबर में बारिश की संभावना भी बनी रहती है। 6 अक्टूबर 2009 को भोपाल में 24 घंटे में करीब 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे