मप्र: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, डिंडोरी में भाजपा कार्यशाला, सांसद कुलस्ते ने गिनाईं उपलब्धियां

 


डिंडौरी, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को डिंडोरी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इन वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और विकास को नई दिशा मिली है।

सांसद कुलस्ते ने कहा कि इस अवधि में भारत ने आर्थिक मजबूती, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं और वैश्विक मंच पर सशक्त उपस्थिति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। सांसद ने जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने डिजिटल इंडिया मिशन और यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव का उदाहरण बताया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए महत्वपूर्ण बताया।

बुनियादी ढांचे और नीतिगत सुधारों पर चर्चा

कार्यशाला में राम मंदिर निर्माण और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए सांसद ने कहा कि इन कदमों ने देश की एकता और विकास को नई मजबूती दी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे और हवाई अड्डों के विस्तार के साथ ‘गति शक्ति’ योजना के माध्यम से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिली है। साथ ही ‘मेक इन इंडिया’ और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं से भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी भारत की साख

सांसद कुलस्ते ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक कूटनीतिक स्थिति मजबूत हुई है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की भूमिका अधिक प्रभावी हुई है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को भी पहले की तुलना में अधिक सशक्त बताया।

संगठनात्मक बैठक और कार्यकर्ताओं को संदेश

कार्यशाला में पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती और भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में अशोक अवधिया, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, इंद्रावती धुर्वे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे