मप्रः मंत्री कुशवाह ने मानसिक रूप से अविकसित बच्चों के आवासीय विद्यालय और दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय का किया निरीक्षण
- व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर सुविधाओं और शिक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान हामूखेड़ी स्थित शासकीय मानसिक रूप से अविकसित बच्चों के आवासीय विद्यालय तथा शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया।
मंत्री कुशवाह ने दोनों विद्यालयों में पहुंचकर वहां की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिक्षा, भोजन, आवास, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं तथा समस्याओं के बारे में जाना। बच्चों के साथ सहजता से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी शिक्षा एवं भविष्य को लेकर भी चर्चा की।
मंत्री कुशवाह ने विद्यालय में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने, बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन बच्चों को बेहतर वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ निरंतर कार्य किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर