मंदसौरः मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित हुआ

 


मंदसौर , 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में रविवार को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिले के सुवासरा के विधायक हरदीप सिंह डंग थे जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमा देवी गुर्जर, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नानालाल अटोलिया, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि मध्य प्रदेश का गौरवशाली अतीत है यहां की भूमि ऐतिहासिक है मध्य प्रदेश की धरती देवों, संतो, महापुरुषों की धरती है मध्य प्रदेश में विक्रमादित्य जैसे सम्राट हुए हैं जिनका न्याय प्रसिद्ध है मध्य प्रदेश की धरती पर चंद्रशेखर आजाद जैसे बलिदानी ने जन्म लिया है, यह धरती राजा भोज की है मध्य प्रदेश की धरती पर नर्मदा मैया बहती है यहां भगवान महाकाल विराजमान है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमने मध्य प्रदेश की धरती पर जन्म लिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से तरक्की कर रहा है।

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी स्कूली विद्यार्थियों द्वारा दी गई । इस अवसर पर शासन की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसमें मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग स्वराज संस्थान संचालनालय अंतर्गत स्थापित श्री कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा आयोजित भगवान श्री कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत जिले से चयनित विजेता काव्य शर्मा को एक लाख रुपये पुरस्कार का चेक तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया । इसी प्रकार छात्र आरव बाफना को पेंटाथलान नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने पर पुरस्कृत किया गया। मध्य प्रदेश शासन वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से कृषि लोकोत्सव 2026 के अंतर्गत विगत 29 जनवरी से 15 मार्च के मध्य आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज 2026 के विजेताओं ग्राम जग्गा खेड़ी के खुमान सिंह को ट्रैक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया ।

विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर मंदसौर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रशासन तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी भी आयोजित की गई प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा जनहित में किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही शासकीय योजनाओं कार्यक्रमों की प्रगति एवं उपलब्धियो को प्रदर्शित किया गया आमजन द्वारा प्रदर्शनी की सराहना की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन सुदीप दास द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया