मंडलाः मंत्री संपत्तिया ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 


- कृषि तकनीक और योजनाओं की जानकारी लेकर गांव-गांव पहुंचेगा कृषि रथ

मंडला, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। शनिवार को जिले में कृषि रथ अभियान की शुरुआत की गई। रामनगर में आयोजित आदि उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर बताया गया कि कृषि रथ आगामी 10 दिनों तक जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेगा। अभियान के दौरान किसानों को कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी विभिन्न योजनाओं और तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान तकनीकी विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे तथा उन्हें खरीफ फसल की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

इस दौरान गुजरात के मंत्री नरेश भाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, उप संचालक कृषि अश्विनी झरिया एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर