मंडलाः बसनिया-ओढ़ारी बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर प्रभावित ग्रामों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद

 


मंडला, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने जिला योजना भवन में शनिवार को प्रस्तावित बसनिया-ओढ़ारी बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामों के ग्रामीण प्रतिनिधियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, सर्वे कार्य और ग्रामीणों की शंकाओं पर सीधा संवाद किया गया।

पीएचई मंत्री उइके ने ग्रामीणों से सर्वे कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ और ग्रामीणों की मौजूदगी में ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वे के उपरांत ही प्रभावित होने वाले ग्रामों और वहां की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बैठक में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम तथा विधायक चैन सिंह वरकड़े, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर सोनल सिडाम, एसडीएम शैलेंद्र चौधरी, एसडीएम सी.एल. वर्मा, एसडीएम कुलदीप पटेल, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ एवं राजेश कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने विस्थापित होने वाले परिवारों के भविष्य और उनके लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विस्थापन की स्थिति में हर पात्र परिवार को रोजगार और स्वरोजगार की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पीछे सदैव जनहित की मंशा होती है। कई बार गलतफहमी या अफवाहों के कारण गतिरोध की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि आपसी चर्चा और संवाद से ही हर समस्या का समाधान निकलता है।

बैठक के दौरान ग्रामीण प्रतिनिधियों ने खुलकर अपने विचार और सुझाव रखे, जिन्हें मंत्री, सांसद एवं कलेक्टर ने पूरी गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने परियोजना के तहत मिलने वाले स्पेशल पैकेज की विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही विस्थापन की स्थिति बनने पर प्रभावित परिवारों के समुचित पुनर्वास की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में ओढ़ारी, दुड़का, पण्डाटोला, दरगड़, चिमकाटोला सहित परियोजना क्षेत्र के अन्य ग्रामों के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर