मप्रः महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान ने घोषित किए कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम
भोपाल, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान ने मंगलवार को वर्ष 2025-26 बोर्ड परीक्षा कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसमें प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्कृत विद्यालयों के परिणाम शामिल हैं।
वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा चेयरमेन महर्षि पंतजलि संस्कृत संस्थान मध्य प्रदेश कौशल शर्मा एंव निदेशक रविन्द्र कुमार सिंह ने की। प्रदेश में कक्षा 5वीं का 53.80 प्रतिशत, कक्षा 8वीं का 57.70 प्रतिशत, कक्षा 10वीं का 66.80 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं का 77.80 प्रतिशत है।
संस्कृत विद्यालय की कक्षा10वीं की बोर्ड परीक्षा परिणाम में शासकीय आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय (गार्गी) भोपाल की छात्रा कुमारी रौनक ने 90.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में शासकीय आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय (गार्गी) भोपाल की छात्रा कुमारी सुजाता मीना ने 89.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
कक्षा 10 वीं एंव 12वीं के परीक्षा परिणामों में शासकीय आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय गार्गी भोपाल पुनः अपनी श्रेष्ठता कायम सिद्ध करते हुये बालिकाओं द्वारा बाजी मारी गई। दोनों कक्षाओं के टॉप 10 विद्यार्थियों को शीध्र प्रोत्साहन राशि भी जारी की जाएगी। विद्यार्थी परीक्षा परिणाम एम.पी. ऑनलाइन पर अपना रोल नबंर दर्ज कर देख सकते हैं। साथ ही ई-अंकसूची भी प्राप्त कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर