साहस, त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का जीवन: राजस्व मंत्री
- सीहोर में महाराणा प्रताप जयंती पर प्रतिमा का अनावरण एवं भव्य चल समारोह आयोजित
सीहोर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने राष्ट्र, धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और संघर्ष के मार्ग पर अडिग रहे। उनका जीवन साहस, त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है।
मंत्री वर्मा बुधवार को सीहोर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस इवसर पर एवं भव्य चल समारोह आयोजित किया गया। पावर हाउस चौराहा स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में राजस्व मंत्री वर्मा एवं कार्तिकेय चौहान ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में महाराणा प्रताप के जीवन एवं शौर्य को दर्शाती झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर भी शामिल हुए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान और स्वतंत्रता के प्रतीक थे। महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और मूल्यों का त्याग नहीं करना चाहिए। महाराणा प्रताप की गौरवगाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
वर्मा ने कहा कि महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर ही समाज और राष्ट्र का सशक्त निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पंकज गुप्ता, नारायण सिंह पटेल, नरेंद्र राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर