मां शारदा लोक निर्माण से मैहर में होगी धार्मिक तीर्थाटन में वृद्धि, बढ़ेंगे रोजगार के अवसरः मुख्यमंत्री डॉ यादव

 


- मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर में पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां शारदा की पावन नगरी मैहर देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। माँ शारदा लोक के निर्माण से मैहर में धार्मिक तीर्थाटन में वृद्धि होगी,जिससे जिले में स्थानीय लोगों के लिए रोजगारों का सृजन होगा और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक मां शारदा का पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां शारदा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि मां शारदा का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे और मध्य प्रदेश निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर आगे बढ़े, यहीं प्रार्थना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पूजन के बाद मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा मां शारदा का चित्र भेट कर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, दर्शन व्यवस्था एवं मंदिर परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री राधा सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक विक्रम सिंह जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राखी के शगुन के साथ सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अंतरित किए 2148.30 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां शारदा भवानी के दर्शन के बाद मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किश्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के 250 रुपये (कुल 1750 रुपये) के रूप में 2 हजार 148 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित किये।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने मैहर में 48 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय, 7 करोड़ 58 लाख की लागत से ताला में शासकीय महाविद्यालय भवन, 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से अमरपाटन में 30 सीटर बालक छात्रावास तथा आवास का लोकार्पण किया। इस क्रम में 21 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से बठिया-चोरहटा, बंधी बैरागल, खमरिया-पनिहा-कुशमी-झुकेही और ग्राम पंचायत जमताल में सड़क निर्माण कार्यों तथा 19 करोड़ से अधिक की लागत से जनपद पंचायत मैहर, अमरपाटन और रामनगर में जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़े 1 हजार 69 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से पुलिस कंट्रोल रूम, 1 करोड़ 47 लाख की लागत से जूरा में नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन और 59 लाख रुपये की लागत से परशुराम धर्मशाला भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 151 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से मैहर में धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन शामिल है, इससे 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 41 करोड़ की लागत से रामनगर में सांदीपनि विद्यालय और लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से शारदा माता लोक के प्रथम चरण के विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर