भगवान श्रीकृष्ण ने जिया साहस, कर्तव्य और मित्रता के गुणों से भरा जीवन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन की मटकी फोड़ स्पर्धा से जुड़े वर्चुअली
भोपाल, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व से अनेक तरह की सीख मनुष्य को मिलती है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन साहस, रणनीति निर्माण, कर्तव्य परायणता और मित्रता के महत्व को इंगित करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन के शहीद पार्क स्थित कृष्ण ग्रुप और कृष्णा वेल्फेयर सोसायटी के मटकी फोड़ प्रतियोगिता एवं भजन संध्या को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता और कार्यक्रम में जीवन दर्शन समाया हुआ है। हमारा जीवन मटकी या घड़े की तरह है जिसमें पुण्य का माखन भरा रहना चाहिए। हम सब मिलकर मटकी फोड़कर मक्खन प्राप्त करते हैं। एकजुट होकर फोड़ने का अलग आनंद है। मटकी फोड़ स्पर्धा से यह सीख मिलती है कि मित्रता और सामुहिकता कितनी आवश्यक है। मटकी फोड़ने का कार्य संगठन की शक्ति को भी प्रदर्शित करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्था द्वारा गत 17वर्ष से निरंतर हो रहे इस आयोजन और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कलावती यादव के अलावा अनेक अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर