किफायती दरों पर कैंसर रोगियों को जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- कैंसर की दवाओं की कीमतों में 96.45 प्रतिशत तक की कमी, खरीदी से पहले ‘फार्मा सही दाम’ एप पर जांचें निर्धारित मूल्य
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की किफायती दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाई किसी भी नागरिक के उपचार में बाधा न बने। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार में दवाओं की कीमतों में कमी मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही नागरिकों में स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों एवं शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कैंसर की दवाओं की कीमतों में की गई कमी का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे, इसके लिए औषधि मूल्य निगरानी एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन आवश्यक है।
शुक्ल ने नागरिकों से अपील की है कि दवाओं की निर्धारित कीमतों के प्रति जागरूक रहें, दवा खरीदते समय पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने पर संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
कैंसर रोगियों को दवाओं की कम हुई कीमतों का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश राज्य मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (एमपी पीएमआरयू) द्वारा शुक्रवार को भोपाल के नवोदय कैंसर अस्पताल में जन-जागरूकता एवं औषधि मूल्य निगरानी अभियान संचालित किया गया। अभियान में 300 से अधिक मरीजों, परिजनों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं फार्मासिस्टों को दवाओं की संशोधित कीमतों और उपभोक्ता अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया।
कैंसर रोगियों को उपचार व्यय में मिलेगी बड़ी आर्थिक राहत
राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश (डीपीसीओ) के अंतर्गत कैंसर के उपचार में उपयोग होने वाली 137 गैर-अनुसूचित दवाओं के 1,364 फॉर्मुलेशन्स पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। 9 नवंबर 2026 से प्रभावी इन प्रावधानों के फलस्वरूप संबंधित दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में 96.45 प्रतिशत तक की कमी आई है। इससे कैंसर रोगियों एवं उनके परिजनों को उपचार पर होने वाले व्यय में बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
दवा खरीदने से पहले निर्धारित कीमत की करें जांच
नागरिक एनपीपीए के ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल एप अथवा वेबसाइट www.nppa.gov.in के माध्यम से दवाओं के निर्धारित मूल्य की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि दवा खरीदने से पहले उसकी संशोधित कीमत की जानकारी प्राप्त करें। दवा विक्रेता द्वारा ली जा रही राशि का निर्धारित मूल्य से मिलान करें तथा प्रत्येक दवा की खरीदी का पक्का बिल अवश्य प्राप्त कर सुरक्षित रखें।
निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने पर करें शिकायत
दवाओं की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूले जाने पर नागरिक ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त निम्न माध्यमों से भी शिकायत दर्ज कराने एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।
एनपीपीए टोल-फ्री हेल्पलाइन : 1800-111-255
एमपी पीएमआरयू हेल्पडेस्क : 0755-2665385
ई-मेल : mp.pmru@gov.in
अस्पताल की फार्मेसी में की गई दवाओं की कीमतों की जांच
एमपी पीएमआरयू की परियोजना समन्वयक डॉ. प्रीति तागड़े के समन्वय में अस्पताल के विभिन्न वार्डों में मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद किया गया। अस्पताल की फार्मेसी का ऑडिट कर चयनित दवाओं की कीमतों, संशोधित एमआरपी एवं अधिक मूल्य वसूली की संभावनाओं की जांच की गई। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं फार्मासिस्टों को भी संशोधित औषधि मूल्यों के संबंध में जानकारी दी गई। डॉ. श्याम अग्रवाल ने कैंसर उपचार में पारदर्शी औषधि मूल्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रीति तागड़े ने औषधि मूल्य निगरानी एवं फार्मेसी ऑडिट की कार्यवाही की जानकारी दी।
प्रदेशभर में निरंतर जारी है औषधि मूल्य निगरानी अभियान
राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण, एमपी पीएमआरयू एवं मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन के समन्वय से प्रदेशभर में जन-जागरूकता एवं औषधि मूल्य निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। पूर्व में भोपाल के जेपी अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलार रोड, एम्स भोपाल, जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं बंसल अस्पताल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी ऐसी गतिविधियां आयोजित की गई हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की सुलभता, उपलब्धता एवं वहनीयता सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर