मप्रः एनसीआरबी रिपोर्ट पर कमलनाथ का भाजपा सरकार पर हमला, प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

 


भाेपाल, 09 मई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एनसीआरबी की वर्ष 2024 की रिपोर्ट को लेकर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट से साफ हो गया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

कमलनाथ ने शनिवार काे साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट से एकदम स्पष्ट हो रहा है कि मध्य प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। आदिवासियों पर अत्याचार में मध्य प्रदेश देश में नंबर एक पर है, दलितों पर अत्याचार में दूसरे नंबर पर है, महिलाओं से अत्याचार और दुष्कर्म के आंकड़े शर्मनाक हैं। दहेज हत्या के एक वर्ष में 450 मामले सामने आए। इस अपराध में मध्य प्रदेश देश में तीसरे नंबर पर है। बच्चों के ख़िलाफ़ प्रदेश में एक वर्ष में 21000 से अधिक अपराध हुए और इसमें मध्य प्रदेश देश में तीसरे नंबर पर है।

कमलनाथ ने आगे कहा वर्ष 2024 के लिये जारी यह रिपोर्ट स्पष्ट बताती है कि प्रदेश में दलित, आदिवासी, महिलाएं और बच्चे कोई भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को अपराध का प्रदेश बना दिया है, जहाँ आम आदमी की सुरक्षा भगवान भरोसे ही बची है।

गाैरतलब है कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वर्ष 2024 की ताजा रिपोर्ट में मध्य प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर मिली-जुली तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में कुछ श्रेणियों में अपराधों में कमी दर्ज की गई है, लेकिन महिलाओं, बुजुर्गों और अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाफ अपराध अब भी गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे