रतनगढ़ माता मंदिर पर तीन दिवसीय लख्खी मेला संपन्न, 27 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 


दतिया, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में आस्था और लोक विश्वास के केन्द्र रतनगढ़ माता मंदिर पर आयोजित तीन दिवसीय विशाल लख्खी मेले का बुधवार को भाई दूज के अवसर पर सफलता पूर्वक समापन हुआ। तीन दिन तक चले इस धार्मिक आयोजन में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लाखों श्रृद्धालुओं ने माता रतनगढ़ और कुंअर बाबा के दरबार में शीश नभाकर सुख समृद्धि की कांमना की।

श्रृद्धालुओं की भारी भीड़ व जयकारों से गूंजता मेला परिसर और भक्ति के उल्लास ने पूरे क्षेत्र को आध्यत्मिक वातावरण में सराबोर रखा। तीन दिवसीय मेले में 27 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता रानी एवं कुंअर बाबा के दर्शन किए।

गौरतलब है कि रतनगढ़ का लख्खी मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पैदल, निजी वाहनों और विभिन्न साधनों से रतनगढ़ पहुंचे। माता के दर्शन और कुँवर बाबा के प्रति अटूट श्रद्धा ने मेले को विशाल जनआस्था के आयोजन का स्वरूप प्रदान किया।

श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन के लिए लगभग 5500 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी ने आपसी समन्वय एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। मेला परिसर को 40 सेक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थाओं का संचालन किया गया, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित हो सकी।

श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था के लिए लगभग 350 एकड़ भूमि में 22 पार्किंग स्थल विकसित किए गए थे। पार्किंग से लेकर मेला परिसर तक श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गईं। प्रशासन की इन व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

मेले के दौरान लगभग 15 हजार सर्पदंश पीड़ितों के बंध काटे गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं का निरंतर संचालन किया गया, जिससे दर्शन एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां सुचारु रूप से संपन्न हुईं।

मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मेला परिसर के विभिन्न क्षेत्रों एवं सेक्टरों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं के संबंध में श्रद्धालुओं से क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक भी प्राप्त किया गया। इससे श्रद्धालुओं के अनुभव एवं सुझावों को जानने के साथ व्यवस्थाओं के प्रति उनके संतुष्टि स्तर का आकलन करने का प्रयास किया गया। रतनगढ़ मेले का सफल आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं मैदानी अमले के सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और समर्पित कार्यशैली का परिणाम रहा। सभी विभागों ने टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर