मप्रः शाजापुर जिले का खो-खो खिलाड़ी समुद्र में डूबा, चार दिन से लापता
शाजापुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के ग्राम किठोर में रहने वाला 16 वर्षीय खो-खो खिलाड़ी नीतेश नेशनल खेलने अपनी टीम के साथ ओडिशा के पुरी गया हुआ था। जहां प्रतियोगिता खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी नहाने समुद्र में गए। जहां नहाने के दौरान वह लहरों के साथ बह गया। घटना के चार दिन बाद भी नीतेश का कोई पता नहीं चला है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर को यह हादसा हुआ, जब नीतेश तेज लहरों की चपेट में आ गया था। उसके साथ गए खिलाड़ियों ने नीतेश को समुद्र में डूबते देखा। उन्होंने तुरंत लाइफ गार्ड को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने समुद्र में तलाश शुरू की, लेकिन नीतेश का कोई सुराग नहीं मिला। घटना को चार दिन हो चुके हैं और उसकी तलाश अब भी जारी है।
नीतेश इंदौर फेडरेशन की टीम के साथ 27 अगस्त को राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने ओडिशा के पुरी गया था। टीम में कुल 14 खिलाड़ी थे। प्रतियोगिता खत्म होने के बाद मंगलवार को सभी खिलाड़ी मंदिर दर्शन के लिए गए। दर्शन के बाद वे गोल्डन बीच पहुंचे और समुद्र में नहाने लगे। इसी दौरान एक तेज लहर आने से नीतेश का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथियों ने उसे डूबते देखा, लेकिन तेज लहरों के कारण उसे बचा नहीं पाए। इस घटना की जानकारी पुरी के सी बीच थाने में भी दी गई है।
अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में शामिल था नीतेशकोच भरत भैरवे ने बताया कि खिलाड़ियों को पुरी भेजने से पहले नीतेश के पिता से अनुमति ली गई थी। टीम में उन खिलाड़ियों को चुना गया था, जिन्होंने बेंगलुरु में हुई प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। नीतेश को टीम में अतिरिक्त खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही नीतेश के परिवार में दुख का माहौल है। सरपंच दिलीप ठाकुर के मुताबिक, नीतेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी एक बहन भी है। सूचना मिलने के बाद परिजन और सरपंच भी पुरी पहुंच गए हैं। परिजन स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम के संपर्क में रहकर तलाश में मदद कर रहे हैं।
1 सितंबर को हुई थी परिजनों से बातनीतेश ने घर लौटने से पहले 1 सितंबर को अपने पिता से फोन पर बातचीत भी की थी। इसके बाद समुद्र में नहाने के दौरान हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। रेस्क्यू टीम समुद्र में लगातार नीतेश की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मंगल नाहर