खरगोनः कृषि उपज मंडी में नवीन कपास सीजन का शुभारंभ, मुहूर्त में 8,411 रुपये क्विंटल रहा भाव

 


- पहले दिन 506 वाहनों में 48 बैलगाड़ियों से हुई कपास की आवक

खरगोन, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में सोमवार को नवीन कपास सीजन का शुभारंभ विधिवत कपास पूजन एवं नीलामी के साथ हुआ। कपास मुहूर्त कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, संतोष पाटीदार, विष्णु रघुवंशी, रवि वर्मा, किसान संघ के प्रतिनिधि, मंडी सचिव शर्मिला निनामा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम पंडित राजेन्द्र परसाई द्वारा विधिवत कपास पूजन कराया गया। इसके पश्चात विधायक बालकृष्ण पाटीदार, व्यापारियों एवं मंडी सचिव की उपस्थिति में कपास की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ की गई। नवीन कपास सीजन की पहली कपास की नीलामी में फर्म के.के. फाईन कॉट द्वारा अश्विन दांगी, खरगोन की कपास के लिए 8,411 रुपये प्रति क्विंटल का भाव प्राप्त हुआ।

कपास मुहूर्त के अवसर पर मंडी में कुल 506 वाहनों की आवक रही, जिसमें 48 बैलगाड़ियां शामिल थीं। मंडी में कपास का न्यूनतम भाव 5,000 रुपये, अधिकतम भाव 8,595 रुपये तथा मॉडल भाव 7,500 रुपये प्रति क्विंटल रहा। कार्यक्रम में व्यापारी कल्याण अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मन्नालाल जायसवाल, गिरीराज महाजन, सुरेश गांधी, अनिल गोयल, मुकेश महाजन सहित अन्य व्यापारी एवं संबंधितजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर