मप्र के खंडवा जिले के ग्रामीण इलाकों को केन्द्र सरकार ने दी चार सड़कों की सौगात
खंडवा, 03 जून (हि.स.)। खंडवा जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा सौगात दी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं पर कुल 13.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और 14.44 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इन सड़कों की स्वीकृति का पत्र साझा करते हुए बताया कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए इन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और सड़क नेटवर्क मजबूत होने से विकास को नई गति मिलेगी।
सांसद पाटिल ने बताया कि इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के कई गांवों की वर्षों पुरानी सड़क संबंधी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। नई सड़कें बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सांसद द्वारा साझा के लिए पत्र के अनुसार, स्वीकृत परियोजनाओं में बरमलाय से कुकडाल मार्ग का निर्माण सबसे बड़ी परियोजना है। इस 7.64 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 7.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बरमलाय से सुकलतालाई-4 मार्ग के 3.20 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह लहाड़पुर से पारवाड़ी मार्ग के 2.24 किलोमीटर लंबे हिस्से पर 2.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि मालूद रोड से खेड़ी रैयत मार्ग के 1.36 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण के लिए 1.35 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
सांसद पाटिल ने खंडवा संसदीय क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के प्रति निरंतर संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के लिए केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नई सड़कें बनने से गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों और मरीजों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। बरसात के दौरान जिन क्षेत्रों में पहुंचना मुश्किल हो जाता था, वहां भी आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर