खंडवाः मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया

 


खण्डवा, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने रविवार को शहर में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. अतुल माने, ड्रग इंस्पेक्टर मंजीत जामले, एएसओ मेहबूब खान ने मेडिकल स्टोरों की गहन जांच की।

जांच में शासन के नियमों के अनुसार दवाओं के क्रय-विक्रय, रिकॉर्ड संधारण एवं लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान डॉक्टर जुगतावत ने खण्डवा शहर के पल्स मेडिकल, जमुना मेडिकल, एश्वर्य मेडिकल, बांबे केमिस्ट, कृष्णा मेडिकोज, गौसिया मेडिकल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स पर उपस्थित मरीजों से पूछताछ भी की। डॉक्टर जुगतावत ने मेडिकल स्टोर संचालकों को लायसेंस की प्रति दर्शनीय स्थल पर लगाने एवं दवाओं का विक्रय वैध पर्ची पर ही करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर