महेश्वर में काशी विश्वनाथ ने किया नर्मदा में नौका विहार, सोमवार को दो शिव डोलों का होगा मिलन
खरगोन, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में स्थित मां अहिल्या की नगरी महेश्वर में रविवार को भगवान काशी विश्वनाथ के भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान नर्मदा तट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
पं. आलोक पुरोहित (दयालु गुरु) के निज निवास पर भगवान काशी विश्वनाथ जी के विग्रह स्वरूप का जलाभिषेक एवं शृंगार किया गया। इसके बाद भगवान को पालकी में विराजमान कर ढोल-ताशों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाया गया, जहां पूजन-अर्चन के बाद काशी विश्वनाथ घाट पर आचार्य द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके पश्चात महाआरती हुई।
महाआरती के बाद भगवान काशी विश्वनाथ जी का नर्मदा में भव्य नौका विहार कराया गया। इस दौरान नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा माहौल शिवमय हो गया। नौका विहार के पश्चात केवट समाज द्वारा भगवान की आरती की गई। इसके बाद भगवान पालकी में विराजमान होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यजमान गौरव यादव के गाड़ीखाना स्थित निवास पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम से पूर्व भजन संध्या का आयोजन किया गया।
दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को महेश्वर में भगवान काशी विश्वनाथ और भगवान कालेश्वर महादेव के दो शिव डोलों का भव्य मिलन होगा। दोपहर 2 बजे श्री कालेश्वर मंदिर से भगवान कालेश्वर महादेव का शिव डोला नगर भ्रमण के लिए निकलेगा। वहीं, दोपहर 3 बजे भवानी माता मंदिर से भगवान काशी विश्वनाथ जी का शिव डोला निकलेगा। दोनों शिव डोले नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचेंगे। शाम 5 बजे जय स्तंभ चौक पर भगवान कालेश्वर महादेव और भगवान काशी विश्वनाथ जी के शिव डोलों का भव्य पालकी मिलन होगा। इसके बाद दोनों शिव डोलों के साथ श्रद्धालु नगर भ्रमण में शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर