अनूपपुर: कर्नाटक खदान हादसे में जिले के दो श्रमिकों की मौत, शव लाने की तैयारी में जुटा प्रशासन

 


अनूपपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक राज्य की ग्रेनाइट खदान में गत दिवस कार्य करने के दौरान चट्टान धंसने से हुए हादसे में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के दो श्रमिकों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य श्रमिक घायल भी हुए हैं।

मृतकों की पहचान जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत सेमरवार (वार्ड नंबर 9) निवासी 36 वर्षीय भुवनेश्वर सिंह गोंड और ग्राम पंचायत सिंधौरा निवासी 22 वर्षीय राजेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है। घायलों में पंडरी (ठेहि-गौरेला जैतहरी) निवासी छोटेलाल और तितरी पोंडी निवासी गुलाब सिंह शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर अर्चना कुमारी ने शुक्रवार को बताया कि कर्नाटक में गुरुवार को हुई घटना में अनूपपुर जिले के दो श्रमिकों की मौत हुई है और दो अन्य घायल हुए हैं। पूर्व में तीन घायलों और चार मौतों की जानकारी मिल रही थी, लेकिन प्रशासनिक जांच और कर्नाटक सरकार के अधिकारियों से मिली जानकारी में दो श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है। राजपाल सिंह और राम अवतार सिंह नामक दो अन्य मृत व्यक्ति अनूपपुर के नहीं पाए गए हैं।

जिला प्रशासन दोनों मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम वापस लाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एक टीम कर्नाटक भेजी जाएगी। कर्नाटक सरकार द्वारा पार्थिव शरीर को कार्गो प्लेन से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

कलेक्टर ने संबंधित टीम के अधिकारियों को कर्नाटक के स्थानीय प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने घायल श्रमिकों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला