झाबुआः मंत्री निर्मला भूरिया ने किया मोकमपुरा तालाब योजना का विधिवत भूमिपूजन

 


झाबुआ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के रामा जनपद क्षेत्र के मोकमपुरा तालाब योजना का महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को जिले के रामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोकमपुरा में 145.71 लाख रुपये की लागत वाली मोकमपुरा तालाब योजना का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित की जाने वाली इस योजना से 120 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्राम के 163 जनजातीय कृषक लाभान्वित होंगे।

किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता

इस अवसर पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मोकमपुरा तालाब योजना के निर्माण से क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे किसानों को फसल उत्पादन में सुविधा मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और सिंचाई संसाधनों का विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि जनजातीय अंचलों के किसानों को भी सिंचाई एवं कृषि संबंधी सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ मिले। उन्होंने किसानों से उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

120 हेक्टेयर क्षेत्र में होगी सिंचाई, 163 जनजातीय कृषकों को मिलेगा लाभ

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मोकमपुरा तालाब योजना की निविदा लागत 145.71 लाख रुपये है। योजना की निर्धारित सिंचाई क्षमता 120 हेक्टेयर तथा जीवित जल संग्रहण क्षमता 0.60 मिलियन घनमीटर है। तालाब का निर्माण पूर्ण होने पर ग्राम मोकमपुरा के 163 जनजातीय कृषकों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद प्रतिनिधि अजमेर सिंह, सरपंच ग्राम पंचायत मोकमपुरा कांतिलाल मुनिया, जनपद सदस्य श्रीमती रंजा बाई, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री, जल सवंसाधन विपिन पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी आदित्य ताम्रकार सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा