झाबुआ: रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित हुआ मध्य प्रदेश स्थापना दिवस समारोह

 








झाबुआ, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले में एक दिवसीय जिला स्तरीय समारोह का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय डीआरपी लाइन सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके उपरांत पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा वंदे मातरम् एवं मध्य प्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। समारोह में अंग्रेजी माध्यम आश्रम एवं पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति एवं परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के गायन से किया गया।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश आत्मनिर्भरता एवं विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हमारा मध्य प्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। प्रदेश की स्थापना के 70 वर्षों की विकास यात्रा में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि उन्हें अविभाजित मध्यप्रदेश में भी विधायक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ के पृथक राज्य बनने के बाद संसाधनों का बंटवारा हुआ, लेकिन मध्यप्रदेश ने अपने सामर्थ्य एवं संसाधनों के बल पर बिजली उत्पादन, अधोसंरचना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

मंत्री भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की विशेषता इसकी सांस्कृतिक एवं भाषायी विविधता है। प्रदेश का प्रत्येक जिला अपनी कला, संस्कृति एवं परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों को सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूरस्थ फलियों तक सड़क सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। कर वर्षा की स्थिति को देखते हुए उन्होंने किसानों से कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को अपनाने का आह्वान किया।

भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वहीं उद्यमी संवाद जैसी पहल से युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले की प्रगति से मध्यप्रदेश का विकास होगा और मध्यप्रदेश के विकास से देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर अपने संबोधन जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। झाबुआ जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के 180 छात्रावासों में पालक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले के युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झाबुआ का गौरव बढ़ा रहे हैं तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

इस मौके पर शासन की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया, तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की गई, साथ ही लोकतंत्र सेनानी एवं शहीद परिवार का किया शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा