मप्रः जबलपुर-पुणे और जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू
जबलपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर से वर्षों से लंबित जबलपुर-पुणे एवं जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक ट्रेनों का नियमित संचालन रविवार से प्रारंभ हो गया है। अतिथियों ने जबलपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, अजय बिश्नोई, नीरज सिंह, संतोष वरकड़े, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, डीआरएम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर को मिली इस महत्वपूर्ण रेल सौगात पर नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों के संघर्ष, प्रयास और जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सांसद आशीष दुबे और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जबलपुर के विकास के लिए लगातार आवाज उठाई गई, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब जबलपुर को छोटी-बड़ी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था। रेलवे शहर की पहचान होने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा था, लेकिन वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई दिशा बनी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यकाल में भारतीय रेलवे में आधुनिकता, यात्री सुविधाओं और निर्णय क्षमता में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिले हैं।
राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीक ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इस मांग को लेकर प्रयासरत थे। कोरोना काल के दौरान यह प्रक्रिया प्रभावित जरूर हुई, लेकिन जनप्रतिनिधियों और जनता के निरंतर प्रयासों से आज यह मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को ट्रेन में भीड़ और सीट की कमी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस संबंध में कई बार पत्राचार और रेल मंत्रालय स्तर पर प्रयास किए गए।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह में उन्होंने स्वयं रेल मंत्री से मुलाकात कर जबलपुर की जनता की समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हजारों परिवारों की सुविधा, विद्यार्थियों के भविष्य और मरीजों की राहत से जुड़ा हुआ है।
सांसद दुबे ने कहा कि जब भी जबलपुर के हित में सामूहिक रूप से आवाज उठाई गई, उसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार जबलपुर की जनता की भावनाओं को समझते हुए क्षेत्र को अनेक रेल सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के प्रति जवाबदेह है तथा जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की मांगों को उचित मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर इसी भावना के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा क्षेत्र को प्राप्त हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर