जबलपुरः महाकौशल हाट बाजार में जैविक सब्जी बाजार की शुरुआत
- प्रत्येक गुरुवार को नागरिक खरीद सकेंगे रसायन मुक्त ताजी सब्जियां
जबलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जैविक खेती को प्रोत्साहन देने और ग्रामीण क्षेत्र की महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित रसायन मुक्त फल-फूल और सब्जियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य रेल सौरभ कॉलोनी कांचघर रोड स्थित महाकौशल संभागीय हाट बाजार में गुरुवार से साप्ताहिक जैविक सब्जी बाजार के आयोजन की शुरुआत की गई।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत के निर्देश पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सहयोग से ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित इस बाजार में बड़ी संख्या में पहुँचे जैविक उत्पादों के मुरीद नागरिकों ने ताजी, शुद्ध और रसायन मुक्त सब्जियों की खरीदारी की और इसके आयोजन की सराहना की।
जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत ने भी सपरिवार पहुँचकर जैविक सब्जी बाजार से सब्जियों की खरीदारी की। इस अवसर पर गहलोत ने स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध आहार को आवश्यक बताया। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जैविक सब्जी बाजार पहुँचने की अपील करते हुये कहा कि जैविक उत्पादों का यह बाजार लोगों को न केवल प्रकृति के करीब होने का अनुभव करायेगा, बल्कि यहाँ उपलब्ध रसायन मुक्त सब्जियाँ उनसे बीमारियों को दूर रखने में भी मददगार होंगी। गहलोत ने आशा व्यक्त करते हुये कहा कि जैविक बाजार में नागरिकों की भागीदारी ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करने में बड़ा योगदान होगी।
महाकौशल संभागीय हाट बाजार में साप्ताहिक जैविक सब्जी बाजार की शुरुआत पर कृषि उप संचालक डॉ एस के निगम भी मौजूद थे। मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक अंजुला झा ने बताया कि महाकौशल हाट बाजार में प्रत्येक गुरुवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक जैविक सब्जियां उपलब्ध रहेंगी। इस बाजार का मुख्य आकर्षण ग्रामीण क्षेत्र के स्व-सहायता समूह की महिलाओं के रसायन रहित उत्पाद हैं, जो सीधे खेतों से निकलकर जैविक सब्जियों के रूप में उपलब्ध रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर