जबलपुरः शरद पूर्णिमा पर 24 और 25 अक्टूबर को भेड़ाघाट में होगा भव्य नर्मदा महोत्सव
- ऋचा शर्मा, जसपिंदर नरूला और सुनील लोधी की आवाज़ से गूंजेगी संगमरमरी वादियां
जबलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट की धवल संगमरमर वादियों में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य 'नर्मदा महोत्सव' का आयोजन होने जा रहा है।
जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) के सीईओ मानवेंद्र सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं संस्कृति विभाग तथा जेएटीसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
दिग्गज गायकों के सुरों से सजेगी शाम
उन्होंने बताया कि इस वर्ष नर्मदा महोत्सव का मंच देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों की सुरमई प्रस्तुतियों का गवाह बनेगा। भेड़ाघाट में नर्मदा महोत्सव का पहला दिन 24 अक्टूबर भक्ति और सूफियाना संगीत के नाम रहेगा। फिल्म 'हनुमान अंश के अमर भजन के प्रख्यात गायक सुनील लोधी अपनी चिर-परिचित आवाज़ में मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर मै नैया डार दई... की प्रस्तुति देंगे। इसी शाम, सुरों की मल्लिका पार्श्व गायिका जसपिंदर नरूला अपने मशहूर सूफियाना अंदाज़ में समां बांधेंगी।
नर्मदा महोत्सव का दूसरा दिन 25 अक्टूबर सुरों की जादूगरनी, सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा के नाम होगा। वे अपनी बुलंद और मनमोहक आवाज़ में रूहानी और सूफियाना तरानों की वर्षा से श्रोताओं को सराबोर करेंगी।
स्थानीय प्रतिभाओं और लोक संस्कृति का अनूठा संगम
जेएटीसीसी सीईओ मानवेंद्र सिंह के अनुसार, नर्मदा महोत्सव में इस बार भी संस्कारधानी के स्थानीय कलाकार भी मंच की शोभा बढ़ाएंगे। महोत्सव के पहले दिन 24 अक्टूबर को जबलपुर की समृद्धि अय्यर द्वारा नवदुर्गा शास्त्रीय नृत्य की तथा दूसरे दिन 25 अक्टूबर को त्रिभंग कला एकेडमी जबलपुर की कौतुकी उपाध्याय द्वारा भव्य शास्त्रीय कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही, केंद्रीय संस्कृति विभाग के सौजन्य से नागपुर का प्रसिद्ध ढोल-ताश समूह 'शिवमुद्रा' अपनी ऊर्जस्वित प्रस्तुति देगा, वहीं सागर का लोकनृत्य समूह पारंपरिक 'बधाई नृत्य' की छटा बिखेरेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर