जबलपुरः खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, 40 किलो प्रतिबंधित एनालॉग मिल्क केक जब्त
जबलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री और अपमिश्रण पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को पाटन और शहपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।
जांच टीम ने पाटन की 5 प्रसिद्ध मिठाई और खोवा दुकानें जिसमें बड्डू स्वीट्स, संदीप खोवा, राजू स्वीट्स, जुगल स्वीट्स तथा मदन स्वीट्स का निरीक्षण कर मावा एवं मिठाइयों के 7 नमूने एकत्र किए। इस दौरान एक दुकान से प्रतिबंधित एनालॉग मिल्क केक का सैंपल लेते हुए 40 किलोग्राम मिल्क केक मौके से जब्त किया गया।
जांच अभियान के दौरान शहपुरा के भेड़ाघाट चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स की भी जांच कर मिठाइयों के 4 सैंपल लिए गए। पूरी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और केवल उच्च गुणवत्ता वाली मिठाइयां व खाद्य पदार्थ ही बेचने की चेतावनी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर