जबलपुरः खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राईट टाउन स्थित सागर गेरे का किया निरीक्षण
- किचन में नहीं थी साफ-सफाई, स्टोर में मिला प्रतिबंधित ऐनालॉग चीज
जबलपुर, 14 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों का विक्रय रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य सामग्री के विक्रय प्रतिष्ठानों के आकस्मिक निरीक्षण का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को राईट टाउन स्थित सागर गेरे का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सागर गेरे में बिरयानी के लिए एक दिन पूर्व का बना हुआ चावल उपयोग किया जाना पाया गया। इसके साथ ही किचन में साफ सफाई भी नहीं पाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार इन अनियमितताओं के लिए सागर गेरे को धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहाँ स्टोर में प्रतिबंधित एनालॉग चीज भी पाया गया, जिसे भोजन निर्माण में उपयोग करना बताया गया। मौके पर एनालॉग चीज एवं सौंफ के सैंपल लिए गए है। शेष 19 किलो चीज के पैकेट जब्त कर लिए गये हैं।
इसी प्रकार शिकायत प्राप्त होने पर राइट टाउन स्थित विशाल मेगा मार्ट से सूजी एवं दलिया के पैकेट सैंपल जांच के लिए गए है। सभी सैंपल परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर