मप्र में अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 17 जुलाई को
भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित निर्वाचन सदन में शुक्रवार, 17 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। सम्मेलन का आयोजन भारतीय अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), इंदौर के सहयोग से किया जा रहा है।
जनसम्पर्क अधिकारी आरआर पटेल ने गुरुवार को बताया कि सम्मेलन में कई देशों के निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि, विशेषज्ञ एवं अधिकारी ऑनलाइन सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, मतदाता सहभागिता, तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं निर्वाचन से जुड़ी वैश्विक सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य भारत की निर्वाचन प्रणाली एवं लोकतांत्रिक परंपराओं से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को परिचित कराना, निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना और वैश्विक सहयोग को प्रोत्साहित करना है। यह सम्मेलन निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर